• कलेक्टर ने बीजाभाठ, सरदा और लेंजवारा के धान खरीदी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
रिपोर्टर✒️ विनय सिंह ब्यूरो बेमेतरा

बेमेतरा । जिले में धान खरीदी व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, सुव्यवस्थित एवं किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज ग्राम बीजाभाठ, सरदा एवं लेंजवारा स्थित धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खरीदी प्रक्रिया के हर चरण—धान की गुणवत्ता, बारदाना उपलब्धता, तुलाई, भंडारण, उठाव तथा किसानों को दी जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की।
कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों में पहुंचकर किसानों द्वारा लाए गए धान का निरीक्षण किया तथा स्वयं मॉइस्चर मशीन से धान का मॉइस्चर स्तर जांचा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार ही की जाए, ताकि किसानों को बाद में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बारदाना और तुलाई व्यवस्था पर सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बारदाना की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि किसी भी खरीदी केंद्र में बारदाना की कमी स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि बारदाना की प्रतिदिन समीक्षा की जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे तुलाई प्रक्रिया प्रभावित न हो।तुलाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने कहा कि तुलाई किसानों की उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से की जाए। इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों की नियमित जांच, तुलाई पर्चियों में सही प्रविष्टि एवं किसानों को समय पर पावती प्रदान करना अनिवार्य किया जाए।
धान उठाव एवं भंडारण व्यवस्था को लेकर दिए स्पष्ट निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान का समय पर उठाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि खरीदी केंद्रों में जगह की कमी न हो। उन्होंने भंडारण स्थलों में धान को सुरक्षित रखने, नमी और मौसम से बचाव हेतु तिरपाल, शेड एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
किसानों से संवाद कर जानी जमीनी स्थिति
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने केंद्रों में उपस्थित किसानों से सीधे संवाद कर टोकन वितरण, तुलाई की गति, बारदाना उपलब्धता, भुगतान प्रक्रिया एवं खरीदी से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि अधिकांश केंद्रों में खरीदी व्यवस्था संतोषजनक ढंग से संचालित हो रही है।
किसानों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान
कलेक्टर ने खरीदी केंद्र परिसरों में किसानों के लिए पीने का पानी, छाया, बैठने की व्यवस्था, शौचालय एवं साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधितों को निर्देश दिए कि विशेषकर महिला एवं वरिष्ठ किसानों की सुविधा का ध्यान रखा जाए, ताकि किसी को भी अनावश्यक असुविधा न हो।
जिले में खरीदी प्रक्रिया पर सतत निगरानी
कलेक्टर ने बताया कि जिले में धान खरीदी सीजन प्रारंभ होने के बाद से प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी की जा रही है। टोकन प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया गया है, तुलाई के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं तथा खाद्य विभाग एवं मार्कफेड के माध्यम से केंद्रवार उठाव की नियमित समीक्षा की जा रही है, जिससे खरीदी प्रक्रिया निर्बाध बनी रहे।
कलेक्टर का यह औचक निरीक्षण जिले में धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं किसान हितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर सुश्री पिंकी मनहर, खाद्य एवं मार्कफेड विभाग के अधिकारी, समिति प्रबंधक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The “The R Bharat” Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
