मुंगेली । छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी “सरस्वती साइकिल योजना” के तहत आज ग्राम पौनी स्थित शासकीय हाई स्कूल पौनी में कक्षा 9वीं की कुल 34 बालिकाओं को नि:शुल्क साइकिल का वितरण किया गया। इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना है। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती नीलमणी खेस, शिक्षिका श्रीमती लोचन स्वर्णकार, शिक्षक साकेत सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत पौनी के सरपंच भारत रतन मंडेला ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि— “राज्य शासन की यह योजना बालिकाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। साइकिल मिलने से अब बेटियों को दूर-दराज़ के विद्यालयों तक पहुँचने में कोई कठिनाई नहीं होगी। बेटियाँ आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, और शिक्षा ही उनके सशक्त भविष्य की आधारशिला है। हमारा दायित्व है कि हम उन्हें प्रोत्साहन एवं सुरक्षा दोनों प्रदान करें।” प्राचार्य श्रीमती नीलमणी खेस ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासन की इस पहल से ग्रामीण बालिकाओं में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ा है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे साइकिल का उपयोग नियमित रूप से विद्यालय आने-जाने के लिए करें और अपने जीवन में सफलता प्राप्त करें। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास झलक रहा था। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने छात्राओं को साइकिल चलाने के सुरक्षा नियमों की जानकारी दी तथा शिक्षा को जीवन का सबसे महत्वपूर्ण निवेश बताया।


The News Related To The News Engaged In The “The R Bharat” Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
