रायपुर/बिलासपुर । बिलासपुर रेल हादसे ने पूरे प्रदेश को शोक और स्तब्धता में डाल दिया है। हादसे में अब तक 11 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है। प्रशासन, एनडीआरएफ और रेलवे की रेस्क्यू टीमें राहत कार्य में लगी हुई हैं। इसी बीच, राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा एक अलग ही कारण से चर्चा में आ गए। हादसे के कुछ ही घंटों बाद उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें वे जांजगीर में आयोजित राज्य अलंकरण एवं रजत जयंती कार्यक्रम में मंच पर गीत गाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद जनता में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर लोग मंत्री के इस आचरण को ‘संवेदनहीन’ बताते हुए सवाल उठा रहे हैं कि जब पूरा प्रदेश दुर्घटना के दर्द में है, तब आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री का ऐसा व्यवहार कितना उचित है।


लोगों ने लिखा— “जब अस्पतालों में दर्द की चीखें गूंज रही थीं, तब मंच पर संगीत कैसे?” “आपदा के समय संवेदना नहीं, तो फिर मंत्री पद का क्या अर्थ?”

वहीं, विपक्ष ने सरकार को घेरते हुए कहा कि यह घटना सरकार की संवेदनशीलता और प्राथमिकता पर बड़े सवाल खड़े करती है। सरकार की ओर से इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है। उधर, प्रशासन घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी ला रहा है। हादसे के कारणों की जांच के लिए समिति गठित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

देखिए 👇

The News Related To The News Engaged In The “The R Bharat” Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
