मारो नगर पंचायत में पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत 26 हितग्राहियों को मिली भवन अनुज्ञा

बेमेतरा। मारो नगर पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। योजना के तहत 26 हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा (बिल्डिंग परमिशन) प्रदान की गई, जिससे अब वे अपने आवास निर्माण का कार्य प्रारंभ कर सकेंगे।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नगर पंचायत मारो के अध्यक्ष धनलाल देशलहरे, उपाध्यक्ष शमाधव आराधना सिंह ठाकुर, पार्षद सुरेश पटेल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रेखलाल सुधाकर, उप अभियंता विवेक रंजन तिर्की, सीएलटीसी प्रीतेश वर्मा, आवास मित्र अशोक बघेल तथा निकाय के आवास प्रभारी भुनेश्वर कौशल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी पात्र हितग्राहियों को उनके आवास निर्माण हेतु अनुमति पत्र सौंपे गए। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह पहल नगर में आवासीय विकास को गति देने के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और स्थायी आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान कर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। साथ ही योजना में किए गए नए संशोधन के तहत अब 2500 वर्गफुट से अधिक क्षेत्रफल वाले भू-खण्ड के स्वामी भी इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि यह संशोधन शहरी क्षेत्रों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है, जहां बड़े भू-खण्ड सामान्य हैं। पूर्व में इस नियम के अभाव में कई पात्र लोग योजना से वंचित रह जाते थे, लेकिन अब अधिक से अधिक परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेकर अपने सपनों का घर बना सकेंगे।

रिपोर्टर : विनय सिंह, ब्यूरो बेमेतरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!