कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने संभाला बेमेतरा जिले का प्रभार

रिपोर्टर ✒️ विनय सिंह

बेमेतरा: बेमेतरा जिले की नवपदस्थ कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने सोमवार को जिला कार्यालय कलेक्ट्रेट पहुंचकर विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। वह जिले की 12वीं कलेक्टर होंगी।

पदभार ग्रहण करने के पश्चात सुश्री ममगाईं ने कलेक्ट्रेट में पदस्थ वरिष्ठ अधिकारियों से सौजन्य भेंट कर परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व वे नारायणपुर जिले में कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।

कलेक्ट्रेट की शाखाओं का निरीक्षण

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में संचालित विभिन्न विभागीय शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप विभागीय लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति और निर्धारित समय-सीमा में कार्यों का निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर नागरिकों को शीघ्र राहत पहुंचाना जिला प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!