जनगणना 2027 की तैयारियाँ तेज, ग्रामों की भौगोलिक सीमाओं के भू-संदर्भीकरण को लेकर जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न

रिपोर्टर ✒️ विनय सिंह

बेमेतरा। आगामी जनगणना 2027 को सफल, सटीक और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से ग्रामों की भौगोलिक सीमा एवं स्थिति के शुद्ध भू-संदर्भीकरण को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देश पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीप्ति वर्मा की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। बैठक में जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।

बैठक में भारत सरकार के गृह मंत्रालय अंतर्गत जनगणना निदेशालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ग्रामों की भौगोलिक सीमाओं के सटीक चिन्हांकन, डिजिटल मैपिंग और डाटा की शुद्धता पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि जनगणना की विश्वसनीयता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए ग्राम सीमाओं का त्रुटिरहित भू-संदर्भीकरण अत्यंत आवश्यक है।

गूगल अर्थ प्रो से होगी डिजिटल मैपिंग

बैठक में गूगल अर्थ प्रो सॉफ्टवेयर के माध्यम से भू-संदर्भीकरण की तकनीकी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। इस दौरान सॉफ्टवेयर के उपयोग, सावधानियों और संभावित त्रुटियों से बचने के उपायों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि तकनीकी रूप से सही मैपिंग से ही जनगणना के आंकड़े वास्तविक और भरोसेमंद बन सकेंगे।

अर्धदिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन

बैठक में यह जानकारी दी गई कि जनगणना निदेशालय द्वारा नियुक्त जिला नोडल अधिकारी के मार्गदर्शन में आज प्रातः 11 बजे कलेक्टर कार्यालय स्थित दिशा सभा कक्ष, बेमेतरा में गूगल अर्थ प्रो आधारित अर्धदिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में भू-संदर्भीकरण से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।

तकनीकी दक्ष कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य

जिला प्रशासन ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपने-अपने कार्यालय से तकनीकी रूप से दक्ष कर्मचारियों (जनगणना लिपिक) की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामों के भू-संदर्भीकरण का कार्य समयसीमा के भीतर और बिना किसी त्रुटि के पूरा किया जा सके।

जिला प्रशासन रखेगा सतत निगरानी

बैठक में स्पष्ट किया गया कि जनगणना 2027 से संबंधित सभी कार्यों की निरंतर समीक्षा और निगरानी जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए, ताकि जनगणना कार्य सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।

जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि समय पर तकनीकी तैयारी और समन्वय के माध्यम से जनगणना 2027 को जिले में आदर्श रूप में सम्पन्न किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!