सहायक शिक्षकों के आंदोलन को युवा कांग्रेस का समर्थन,मांगे पूरी नहीं होने पर शासकीय कार्यक्रमों मे विरोध प्रदर्शन की चेतावनी

पथरिया । शुक्रवार को छत्तीसगढ़ राज्य के डीएड/ डीएलएड अभ्यार्थियों को युवा कांग्रेस के द्वारा समर्थन देते हुये मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौपा गया है। जिसमे माननीय हाई कोर्ट के आदेशानुसार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को अपनाते हुये नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की गई है। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा के मार्गदर्शन मे ब्लॉक युवा कांग्रेस द्वारा नारेबाज़ी करते हुये ज्ञाॉपन सौपा गया।
सौपे गए ज्ञापन मे बताया गया कि छत्तीसगढ़ राज्य के D.Ed / D.El.Ed प्रशिक्षित, पूर्णतः योग्य अभ्यर्थी माननीय उच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेशों के बावजूद आज तक नियुक्ति से वंचित हैं। यह स्थिति सीधे-सीधे न्यायालयीन आदेशों की अवहेलना, प्रशासनिक उदासीनता तथा युवाओं के भविष्य के साथ खुला अन्याय है। यह सर्वविदित है कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा प्राथमिक शाला सहायक शिक्षक पद हेतु D.El.Ed योग्यता को वैध ठहराया गया है, फिर भी शासन-प्रशासन द्वारा अब तक नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम रूप नहीं दिया गया। परिणामस्वरूप हजारों योग्य अभ्यर्थी राजधानी रायपुर में धरना, प्रदर्शन एवं आमरण अनशन करने को विवश हैं। यह स्थिति शासन की संवेदनहीनता को उजागर करती है। शिक्षित, प्रशिक्षित और न्यायालय से विजयी अभ्यर्थियों को अपने अधिकारों के लिए सड़क पर बैठकर भूखे रहना पड़ रहा है, जिससे उनकी शारीरिक एवं मानसिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल राजपूत ने कहा कि यदि माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों का तत्काल एवं पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित नहीं किया गया और D.Ed / D.El.Ed योग्य अभ्यर्थियों को बिना विलंब के नियुक्ति पत्र जारी किया गया तो युवा कांग्रेस द्वारा उग्र प्रदर्शन किया जायेगा।
वही नगर पंचायत के नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि ओंकार यादव ने अनावश्यक विलंब के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्यवाही की मांग की है। साथ ही जल्द मांगे पूरी नहीं होने पर भविष्य मे क्षेत्र मे होने वाले शासकीय कार्यक्रमों मे विरोध प्रदर्शन करने की बात कही है।
ज्ञापन सौपने वालो मे ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल राजपूत, नेता प्रतिपक्ष ओंकार यादव, पार्षद दीपक साहू, प्रकाश भार्गव, पूर्व सभापति सम्पत जायसवाल, धर्मेन्द्र श्रीवास,पूर्व एल्डरमेन संतोष पाली, पिलेश्वर वर्मा, निक्कू यादव, सौरभ शुक्ला, विजय लहरे, कुशाल निर्मलकर समेत युवा कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या मे उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!