रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

मुंगेली । ग्राम झझपुरी में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की गंभीर घटना का मुंगेली पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए जैतस्तंभ को आग के हवाले करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना लोरमी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झझपुरी में 16–17 जनवरी 2026 की दरमियानी रात ठाकुर देव चौक स्थित जैतखाम (जैतस्तंभ) को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जला दिया गया था। इस संबंध में सूचनाकर्ता अंगद अंचल पिता देवल अंचल, निवासी झझपुरी कला की रिपोर्ट पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 18/26 धारा 298, 326 (जी) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया, वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया। पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए तथा घटनास्थल के पास स्थित मेडिकल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज का विश्लेषण किया। फुटेज और ग्रामीणों की पहचान के आधार पर एक व्यक्ति की पहचान राजेश साहू पिता दाउलाल साहू, निवासी ग्राम झझपुरी के रूप में की गई। संदेही को तलब कर पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि ग्राम में आयोजित जयंती कार्यक्रम के दौरान सतनामी समाज के कुछ लोगों द्वारा शराब के नशे में होने के आरोप में उसके साथ मारपीट की गई थी, जिससे क्षुब्ध होकर उसने जैतस्तंभ में आग लगा दी। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मिट्टी तेल (केरोसिन), माचिस एवं घटना के समय पहने गए कपड़े गवाहों के समक्ष जप्त किए गए। इसके बाद आरोपी राजेश कुमार साहू (35 वर्ष) को 20 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया। गौरतलब है कि इस घटना को लेकर सतनामी समाज द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन दिन की समय-सीमा दी गई थी, लेकिन मुंगेली पुलिस ने निर्धारित समय से पहले ही आरोपी की पहचान कर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि धार्मिक सौहार्द बनाए रखें तथा असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस पूरी कार्रवाई में थाना लोरमी प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक रघुवीर चंद्रा, उप निरीक्षक अमित गुप्ता, सुंदर लाल गोरले, सतेन्द्रपुरी गोस्वामी एवं समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The “The R Bharat” Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
