खाद्य मंत्री ने ली नगर पंचायत मारो में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक

चल रहे कार्यों की प्रगति पर हुई गहन चर्चा, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के दिए गए निर्देश


रिपोर्टर ✒️ विनय सिंह ब्यूरो बेमेतरा
बेमेतरा । नगर पंचायत कार्यालय मारो में नगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह समीक्षा बैठक खाद्य मंत्री दयालदास बघेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर के समग्र विकास को लेकर चल रही योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी विकास कार्यों की रूपरेखा पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान सड़क निर्माण, नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की प्रगति, गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा एवं क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली गई। साथ ही लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिले की कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं उपस्थिति रही। कलेक्टर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को योजनाओं का सीधा और शीघ्र लाभ मिल सके। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने नगर पंचायत क्षेत्र के सुव्यवस्थित विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि आमजन के जीवन स्तर में वास्तविक और सकारात्मक सुधार लाना होना चाहिए। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण एवं निरीक्षण करें, कार्यों की गुणवत्ता की सतत निगरानी रखें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने विकास कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने एवं जनहित में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!