रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
सीपत (बिलासपुर)। एनटीपीसी लिमिटेड के 51वें स्थापना दिवस का आयोजन एनटीपीसी सीपत में 7 नवंबर को गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह की शुरुआत कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख विजय कृष्ण पाण्डेय को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत करते हुए हुई। इसके पश्चात् उन्होंने एनटीपीसी का ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
समारोह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख ने एनटीपीसी के 50 वर्ष के गौरवशाली सफर को स्मरण किया और कर्मचारियों सहित सभी हितधारकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि देशभर में संचालित करीब 108 विद्युत परियोजनाओं के माध्यम से एनटीपीसी की कुल स्थापित क्षमता लगभग 85,000 मेगावाट है, जो देश में हर चौथे बल्ब को रोशन कर रही है।
अपने उद्बोधन में उन्होंने छत्तीसगढ़ की सर्वाधिक क्षमता वाली 2,980 मेगावाट की सीपत सुपर थर्मल पावर परियोजना की उपलब्धियों और प्रगतिशील कार्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन 800 मेगावाट की स्टेज-III परियोजना तेजी से अंतिम चरणों की ओर बढ़ रही है। साथ ही ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ कंपनी नैगम सामाजिक उत्तरदायित्व, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक कल्याण को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।
स्थापना दिवस के अवसर पर हरा-भरा भारत निर्माण के संकल्प को साकार करने हेतु विशेष पौधारोपण अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत एक ही दिन में कुल 4,000 पौधे लगाए गए, जिनमें 2,000 पौधे ग्राम करमा तथा 2,000 पौधे परियोजना परिसर में रोपे गए। इसके साथ ही 160 किलोवाट के रूफटॉप सोलर प्लांट का उद्घाटन भी किया गया।


समारोह के दौरान हाल ही में 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
परियोजना प्रमुख ने संयंत्र तथा नगर परिसर की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले CISF बल, संगवारी महिला समिति, यूनियन एवं एसोसिएशन, बाल भारती पब्लिक स्कूल, संस्कृति क्लब, वैशाली क्लब, स्टेट बैंक, डाकघर, इंडियन कॉफी हाउस सहित सभी सहयोगी संस्थाओं के योगदान की सराहना की और स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से केक काटकर स्थापना दिवस का उल्लास साझा किया। इसके बाद एनटीपीसी के प्रतीक रंगों से सजे गुब्बारे आसमान में उड़ाकर समारोह का समापन किया गया।
तत्पश्चात् नोएडा स्थित एनटीपीसी इंजीनियरिंग ऑफिस कॉम्प्लेक्स में आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण देखा गया, जिसमें अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक गुरदीप सिंह ने सभी कर्मचारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कंपनी की उपलब्धियों तथा आगामी लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की।


The News Related To The News Engaged In The “The R Bharat” Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
