सूरजपुर । नए आपराधिक कानूनों के प्रावधानों और बदलावों को जनसामान्य तक पहुँचाने सूरजपुर पुलिस द्वारा कोतवाली परिसर में विस्तृत प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। गुरुवार, 27 नवंबर 2025 को प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
पुलिस द्वारा लगाए गए आकर्षक डिस्प्ले बोर्डों और मॉडल्स में नए आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों—महिला और बाल संरक्षण, शून्य एफआईआर, ई-एफआईआर, साइबर सुरक्षा, त्वरित न्याय, प्रौद्योगिकी का उपयोग, पारदर्शिता और सुदृढ़ न्याय व्यवस्था—के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समय की मांग बताया।


अवलोकन के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर ने अतिथियों को न्याय प्रणाली में नवीन तकनीक के उपयोग, जनहित को ध्यान में रखते हुए किए गए सुधारों, बच्चों की सुरक्षा संबंधी ऑनलाइन मॉड्यूल, ‘सशक्त’, ‘अभिव्यक्ति’, ‘त्रिनयन’ और ‘समाधान’ जैसे महत्वपूर्ण पोर्टलों के बारे में विस्तार से बताया।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि नवीन आपराधिक कानून न्याय प्रणाली को सरल, तेज और जनहितैषी बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं। कृषि मंत्री रामसेवक पैंकरा ने कहा कि नए प्रावधान महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत करते हैं तथा अपराध नियंत्रण में मददगार सिद्ध होंगे।
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने स्पष्ट रूप से कहा कि “नए कानून मजबूत पुलिसिंग के लिए जरूरी हैं। इन बदलावों से न्यायिक प्रक्रिया में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।”
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने प्रदर्शनी को सराहते हुए कहा कि ऐसी पहलें जनता को नए प्रावधानों के प्रति जागरूक करती हैं और न्याय प्रणाली को अधिक कुशल एवं पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

एसएसपी सूरजपुर ने बताया कि प्रदर्शनी में छात्रों, अधिवक्ताओं, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों और आम नागरिकों को नए कानूनों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं तालमेल और अधिक मजबूत होगा।
कार्यक्रम में कलेक्टर एस. जयवर्धन, भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भीमसेन अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष बाबुलाल अग्रवाल, मंत्री प्रतिनिधि ठाकुर प्रसाद राजवाड़े, जनपद अध्यक्ष स्वाती संत सिंह, नपा उपाध्यक्ष शैलेश अग्रवाल, शशिकांत गर्ग, दीपक गुप्ता, संजू सोनी, अजय अग्रवाल, अरविन्द मिश्रा, लक्ष्मण कसेरा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The “The R Bharat” Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
