“आपकी पूँजी, आपका अधिकार” अभियान—बेमेतरा में 235 लावारिस खातों के 1.67 करोड़ रुपये का निपटान

रिपोर्टर विनय सिंह ब्यूरो बेमेतरा

बेमेतरा। वित्तीय सेवा विभाग, वित्त मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार दावा न की गई वित्तीय संपत्तियों के त्वरित निपटान हेतु शुक्रवार को जिला पंचायत परिसर, बेमेतरा में जिला स्तरीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। देशभर के 92 जिलों में एक साथ चलाए जा रहे “आपकी पूँजी, आपका अधिकार” अभियान के तहत बेमेतरा जिले में भी व्यापक स्तर पर गतिविधियाँ संचालित हुईं।

शिविर में जिले के विभिन्न बैंकों के 235 लावारिस एवं निष्क्रिय खातों से कुल 1.67 करोड़ रुपये की राशि का सफलतापूर्वक निपटान किया गया। जिले में ऐसे खातों की कुल अदावाकृत राशि लगभग ₹10.19 करोड़ है, जिनमें से एक बड़ा हिस्सा अब वैध खाताधारकों को लौटाया जा चुका है। इस कार्य में भारतीय स्टेट बैंक सबसे आगे रहा, जिसने 1.19 करोड़ रुपये की राशि का निपटान किया। इससे कई नागरिकों को आर्थिक राहत मिली है और वे अब इस रकम का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य व आवश्यक जरूरतों में कर सकेंगे।

कार्यक्रम के दौरान “आपकी पूंजी, आपका अधिकार” पुस्तक का विमोचन किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बिना दावे वाली वित्तीय संपत्तियों को शीघ्र उनके वैध अधिकारियों तक पहुँचाना, निष्क्रिय धन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उद्गम पोर्टल जैसे डिजिटल माध्यमों से सुगम व पारदर्शी निपटान सुनिश्चित करना है।

अभियान के तहत सरकारी खातों के पुनर्सक्रियन और वित्तीय जागरूकता बढ़ाने के लिए भी विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर का संचालन अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री सुशील कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में श्री प्रकाश भारद्वाज (अपर कलेक्टर), श्री अविनाश कुमार टोपो (सहायक प्रबंधक, आरबीआई), श्री प्रशांत प्रधान (जिला कोषालय अधिकारी), श्री नितिन संघवी (मुख्य प्रबंधक, एसबीआई रिजनल ऑफिस बलौदाबाज़ार), श्री गजेंद्र ऊईके (मुख्य प्रबंधक, एसबीआई बेमेतरा) सहित विभिन्न बैंकों व वित्तीय संस्थानों के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह अभियान बेमेतरा जिले में निष्क्रिय खातों के निपटान और वित्तीय समावेशन को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!