कुष्ठ उन्मूलन की मुहिम तेज चोरभट्टी में स्वास्थ्य विभाग की जागरूकता रैली, स्कूली बच्चों ने दिए सशक्त संदेश

रिपोर्टर विनय सिंह ब्यूरो बेमेतरा

बेमेतरा। आयुष्मान आरोग्य मंदिर चोरभट्टी में कुष्ठ रोग उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनजागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर और जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. बी.एल. राज के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने पूरे गांव में भ्रमण कर जागरूकता संदेश दिए।

रैली में बच्चे “जन-जन की शक्ति से, कुष्ठ रोग मिटेगा बस्ती से”, “एमडीटी खाओ–कुष्ठ मिटाओ” और “टीबी हारेगा–देश जीतेगा” जैसे नारे लगाते हुए ग्रामीणों से कुष्ठ खोज अभियान में सहयोग की अपील कर रहे थे।

स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को कुष्ठ रोग के शुरुआती लक्षण, संभावित विकृतियों, रोकथाम के उपाय, एमडीटी दवा के महत्व और समय पर इलाज की आवश्यकता के बारे में विस्तार से बताया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि 8 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक सघन कुष्ठ खोज अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत सर्वे दल घर-घर जाकर जांच कर रहा है।

रैली में ग्राम पंचायत सरपंच रेखा पात्रे, पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम में सेक्टर सुपरवाइजर किरण सोनी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अंजू मिरचंडे, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक नीलिमा पांडे, सुनील पात्रे, संध्या साहू, मितानिन प्रशिक्षक पूर्णिमा जायसवाल, तथा मितानिन सरोज और सविता सीता की सक्रिय उपस्थिति रही।

स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य गांव-गांव तक जागरूकता पहुंचाकर जिले से कुष्ठ रोग को पूरी तरह समाप्त करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!