विनय सिंह | ब्यूरो बेमेतरा

बेमेतरा। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने महामहिम राज्यपाल द्वारा गोद लिए गए ग्राम टेमरी का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय एवं विकासात्मक संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक सेवा केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, निर्माणाधीन महिला सदन तथा धान खरीदी केंद्र का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।
कलेक्टर ने ग्राम टेमरी स्थित लोक सेवा केंद्र का निरीक्षण करते हुए नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र संचालक को निर्देश दिए कि सभी सेवाएं तय समय-सीमा में और सहज रूप से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही निर्धारित दरों के अनुसार ही सेवा शुल्क लेने और किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने के निर्देश दिए।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण
कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर महिलाओं एवं बच्चों को प्राथमिकता के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने पर जोर दिया। उन्होंने प्रसव कक्ष, दवा वितरण कक्ष एवं ओपीडी का अवलोकन किया तथा चिकित्सकों को मरीजों का उपचार संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण से करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन महिला सदन का निरीक्षण
महिला आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाए जा रहे महिला सदन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने कहा कि यह केंद्र महिलाओं के समग्र कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी सिद्ध होगा। उन्होंने निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने ग्राम टेमरी के धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण कर शासन की गाइडलाइन के अनुरूप हो रही खरीदी व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने धान की गुणवत्ता, बारदाना की उपलब्धता, तौल, भंडारण, उठाव एवं किसानों को दी जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि बोए गए रकबे के अनुसार सभी किसानों से धान की खरीदी की जाएगी और किसी को भी धान विक्रय के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
किसानों से किया सीधा संवाद
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र में मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर टोकन वितरण, तौल की गति, बारदाना की उपलब्धता, भुगतान प्रक्रिया एवं खरीदी से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

The News Related To The News Engaged In The “The R Bharat” Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
