राज्यपाल के गोद ग्राम टेमरी में स्वच्छता की अलख, ग्रामीण खुद संभाल रहे स्वच्छ गांव की कमान

महिलाओं, स्वच्छता ग्राही समूह और व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी से गंदगी मुक्त गांव की दिशा में ठोस पहल
रिपोर्टर ✒️ विनय सिंह ब्यूरो बेमेतरा

बेमेतरा । राज्यपाल रमेन डेका के गोद ग्राम टेमरी में स्वच्छता अभियान पूरे जोर-शोर से चल रहा है। गांव के ग्रामीण स्वयं आगे बढ़कर अपने गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की पहल कर रहे हैं। विशेष रूप से बिहान योजना से जुड़ी महिला समूहों एवं स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत गठित स्वच्छता ग्राही समूह के सदस्य गांव को गंदगी मुक्त बनाने के संकल्प के साथ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। महिलाएं अपने घरेलू कार्यों से समय निकालकर गली-मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों एवं चौक-चौराहों में नियमित सफाई अभियान चला रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि महात्मा गांधी द्वारा परिकल्पित स्वच्छ भारत के सपने को साकार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसी सोच के साथ गांव में स्वच्छता की आदत को जन-आंदोलन का रूप दिया जा रहा है।

कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन से अभियान को मिल रही निरंतर गति
जिला कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के सतत मार्गदर्शन में गांव टेमरी में स्वच्छता गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। प्रशासनिक सहयोग एवं मार्गदर्शन से ग्रामवासियों में विशेष उत्साह का वातावरण है। ग्रामीण अपने-अपने स्तर पर गांव को आदर्श ग्राम बनाने के लिए प्रयासरत हैं और सकारात्मक बदलाव लाने की प्रतिबद्धता व्यक्त कर रहे हैं।

व्यापारियों को गुलाब भेंट कर स्वच्छता बनाए रखने की अपील
स्वच्छता ग्राही समूह के सदस्यों द्वारा एक सराहनीय पहल के तहत गांव टेमरी के व्यापारी बंधुओं को गुलाब का फूल भेंट कर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। व्यापारियों से आग्रह किया गया कि वे अपनी दुकानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, प्रत्येक दुकान में कचरा पेटी अनिवार्य रूप से रखें तथा सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं। साथ ही स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत में शामिल करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत टेमरी के सरपंच श्री शिवमूर्ति कोसले, उपसरपंच श्री मुकेश साहू, पंचगण श्री हीरा भारती, श्री दिलीप धीरतलहरे, पिंगला टंडन सहित तेजेश्वरी, मोगरा, हीरा पाल, शशि कुर्रे, कौशल्या साहू, पूजा, रिंकी, पचबत्ती, रानी, संगीता, लल्ली, राधा, वंदना, दिव्य बारले, केशरी जोशी, सोमा ग्रीतलहरे सहित जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामवासियों ने संकल्प लिया कि स्वच्छता को केवल अभियान नहीं बल्कि स्थायी जीवनशैली बनाकर टेमरी को एक आदर्श, स्वच्छ और सुंदर गांव के रूप में विकसित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!