प्रदेश अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम के निर्देश पर गरियाबंद में हुई बैठक, सभी ब्लॉकों में चरणबद्ध प्रदर्शन का निर्णय

छुरा। जिला महिला कांग्रेस की जिला स्तरीय बैठक जिला गरियाबंद में आयोजित की गई। यह बैठक महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती फूलोदेवी नेताम के दिशा-निर्देश पर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती मंजू ध्रुव के नेतृत्व में सम्पन्न हुई।
बैठक में महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव श्रीमती श्रद्धा ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। साथ ही जिले के सभी ब्लॉकों से महिला कांग्रेस पदाधिकारी एवं अध्यक्ष बड़ी संख्या में शामिल हुए। गरियाबंद ब्लॉक से श्रीमती सुरेखा नागेश, फिंगेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती हेमलता सिन्हा, देवभोग से श्रीमती दबयंती सोनी, गरियाबंद शहर अध्यक्ष श्रीमती सविता गिरी, राजिम से श्रीमती कमली साहू, श्रीमती सुमित्रा निराला, श्रीमती खिलेश्वरी ध्रुव, श्रीमती इंदु देवांगन, श्रीमती श्वेता चंद्राकर, श्रीमती प्रतिभा पटेल एवं श्रीमती विमला साहू की उपस्थिति रही।
बैठक में केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलने की कोशिश को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। महिला कांग्रेस ने इसे महात्मा गांधी के विचारों, गरीबों के अधिकारों और ग्रामीण महिलाओं के सम्मान पर हमला बताया।
जिला अध्यक्ष श्रीमती मंजू ध्रुव ने कहा कि मनरेगा योजना से करोड़ों ग्रामीण परिवार, विशेषकर महिलाएं सीधे जुड़ी हैं। इस योजना का नाम बदलने का प्रयास गरीबों के इतिहास और संघर्ष को मिटाने की साजिश है। उन्होंने जिले के सभी ब्लॉकों में गांव-गांव तक विरोध प्रदर्शन और जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया।
प्रदेश सचिव श्रीमती श्रद्धा ठाकुर ने कहा कि महिला कांग्रेस इस मुद्दे को घर-घर तक पहुंचाएगी और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से केंद्र सरकार की मंशा के खिलाफ आवाज बुलंद करेगी।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि महिला कांग्रेस के नेतृत्व में जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों एवं अंतिम गांवों तक चरणबद्ध आंदोलन, ज्ञापन सौंपने और विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। महिलाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति भी बनाई गई।

The News Related To The News Engaged In The “The R Bharat” Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
